खेकड़ा स्थित जैन इंटर कालेज के गेट पर खड़े होने से खफा छात्रों का गैंग दूसरे छह छात्रों से कई दिन से मारपीट कर रहा है। पीड़ितों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। वही छात्रों की मांग पर पुलिस ने छात्रों को सुरक्षा का आश्वासन दिया है । बता दे कि शुक्रवार को कोतवाली पर पहुंचे जैन इंटर कालेज खेकड़ा के फखरपुर गॉव निवासी छात्र हिमांशू पुत्र अशोक शर्मा ने बताया कि चार दिन पूर्व कालेज के गेट पर खड़ा था। तभी अहिरान मोहल्ला निवासी एक छात्र अपने दोस्तों के साथ पहुंचा और गाली गलौज कर मारपीट की।
मौजूद अन्य साथियों ने किसी तरह उसे आरोपितों से बचाया। अगले ही रोज आरोपित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे बचाने वाले दोस्त के साथ मारपीट की। अब आरोपित अपने करीब 20 दोस्तों के साथ बाइक पर उनके साथ मारपीट करने के लिए घूम रहा है। दो दिन पूर्व तीसरे दोस्त के साथ भी जमकर मारपीट की थी। इसके बाद उसने आरोपित से गेट पर खड़े होने की माफी भी मांगी थी फिर से मारपीट करने की धमकी भी दे रहा है। इस कारण वे कालेज भी नहीं जा पा रहे हैं। हिमांशु ने एक नामजद व दर्जन भर से अधिक अज्ञात के विरुद्ध शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई। इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा ने छात्रों को सुरक्षा का आश्वासन दिया है ।